रविवार, 3 अप्रैल 2022

ऐसा कलजुग आएगा !

 रामचंद्र कह गए सिया से ऐसा कलजुग आएगा !

झूठ कहे तो जग पतियाए सच्चा मारा जाएगा!!
डान माफिया बनेंगे मंत्री लूट मचेगी मनमानी!
हर गर्दन पर चलेगी छूरी बोलेंगे मधुरी बानी!!
चूसेगा जो खून बदनसे वो महान कहलाएगा!
झूठ कहे तो जग पतियाए सच्चा माराजाएगा!!
मरेंगे भूखे कृषक देश में मौज करेगा व्यापारी !
महंगाई की मार से होंगे व्याकुल सारे नर नारी!!
होगी झूठी जुमलेबाजी हाथ काम ना पाएगा!
झूठ कहे तो जग पतियाए सच्चा मारा जाएगा!!
करेंगे छात्र आत्महत्या वो हारेंगे जीवन बाजी !
मुस्कानों का आदि शत्रु वो लूटेगा सपने पाजी !!
अमृत काल की बात करेगा मगर जहर फैलाएगा!
झूठ कहे तो जग पतियाए सच्चा मारा जाएगा!!
मंदिर मस्जिद हिंदू मुस्लिम भड़काए नफरत ज्वाला!
नीति है 'बांटो राज करो' की फंदा अंग्रेजों वाला!!
सत्य अहिंसा प्रेम पताका नाथूराम फहराएगा!
झूठ कहे तो जग पतियाए सच्चा मारा जाएगा !!
मुल्ला पंडे सभी कुपंथी दीन धरम के व्यापारी!
जोगी जप तप त्याग बनेगा भोगी और सत्ताधारी!!
जो महलों में ऐश करेगा वो फकीर कहलाएगा!
झूठ कहे तो जग पतियाए सच्चा मारा जाएगा !!
राम नाम हथियार से लूटेगा जनता की खुशहाली!
मंदिर मस्जिद भरी रहेंगी विद्यालय खाली खाली!!
देश बेच कर राष्ट्रवाद की झूठी ढोल बजाएगा!
झूठ कहे तो जग पतियाए सच्चा मारा जाएगा!!

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें