कुछ लोग कहते हैं सिर्फ चुनाव जिता दो हमें,
 आसमां के तारे तोड़ जमीं पर लाके  दिखाएंगे !
कुछ लोग कहते हैं सत्ता की कमान सौंप दो हमें,
विकास की गंगा इस देश में जमकर बहाएंगे!! 
कोई कहे समाजवाद,कोई कहे पूँजीवाद,
कोई कहे रामराज  हम लाकर दिखाएंगे !
 कोई करे खरीद फरोख्त विपक्ष में तोड़ फोड़,
करे ईवीएम छेड़छाड़ किंतु जीतकर दिखाएंगे!!
कोई चाहे गांधीवाद;कोई चाहे गोडसेवाद,
कोई कहे पूँजी निवेश हम बाहर से लाएंगे!
कोई चाहे निजीकरण कोई चाहे ठेकाकरण,
कोई चाहे खेतीमें अंबानी अडानी को लाएंगे!!
कोई कहे संपदा हम देशकी अमीरों को बेच कर,
हो जाएंगे बदनाम तो क्या नाम न कमाएंगे!
 डाल-डाल नेता हैं और पात-पात दल दल,
बहुत कम हैं जो कहें कि हम इस देशको बचाएंगे!!
          :- श्रीराम तिवारी
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें