रविवार, 27 अगस्त 2023

व्यक्ति विशेष: हम न्यूटन को जानते हैं, स्वामी ज्येष्ठदेव को नहीं...

क्या आप न्यूटन को जानते हैं? जरूर जानते होंगे, बचपन से पढ़ते आ रहे हैं...
लेकिन क्या आप स्वामी माधवन या ज्येष्ठदेव को जानते हैं? नहीं जानते होंगे... तो अब जान लीजिए...
अभी तक आपको यही पढ़ाया गया है कि न्यूटन जैसे महान वैज्ञानिक ही कैलकुलस, खगोल विज्ञान अथवा गुरुत्वाकर्षण के नियमों के जनक हैं।
लेकिन वास्तविकता यह है कि इन सभी वैज्ञानिकों से कई वर्षों पूर्व पंद्रहवीं सदी में दक्षिण भारत के स्वामी ज्येष्ठदेव ने ताड़पत्रों पर गणित के ये तमाम सूत्र लिख रखे हैं।
इनमें से कुछ सूत्र ऐसे भी हैं, जो उन्होंने अपने गुरुओं से सीखे थे। यानी गणित का यह ज्ञान उनसे भी पहले का है, परन्तु लिखित स्वरूप में नहीं था।
“मैथेमेटिक्स इन इण्डिया” पुस्तक के लेखक किम प्लोफ्कर लिखते हैं कि, “तथ्य यही हैं सन 1660 तक यूरोप में गणित या कैलकुलस कोई नहीं जानता था। जेम्स ग्रेगरी सबसे पहले गणितीय सूत्र लेकर आए थे।
जबकि सुदूर दक्षिण भारत के छोटे से गाँव में स्वामी ज्येष्ठदेव ने ताड़पत्रों पर कैलकुलस, त्रिकोणमिति के ऐसे ऐसे सूत्र और कठिनतम गणितीय व्याख्याएँ तथा संभावित हल लिखकर रखे थे, कि पढ़कर हैरानी होती है”।
इसी प्रकार चार्ल्स व्हिश नामक गणितज्ञ लिखते हैं कि...
“मैं पूरे विश्वास से कह सकता हूँ कि शून्य और अनंत की गणितीय श्रृंखला का उदगम स्थल केरल का मालाबार क्षेत्र है”।
स्वामी ज्येष्ठदेव द्वारा लिखे गए इस ग्रन्थ का नाम है “युक्तिभाष्य”, जो जिसके पंद्रह अध्याय और सैकड़ों पृष्ठ हैं।
यह पूरा ग्रन्थ वास्तव में चौदहवीं शताब्दी में भारत के गणितीय ज्ञान का एक संकलन है, जिसे संगमग्राम के तत्कालीन प्रसिद्ध गणितज्ञ स्वामी माधवन की टीम ने तैयार किया है।
स्वामी माधवन का यह कार्य समय की धूल में दब ही जाता, यदि स्वामी ज्येष्ठदेव जैसे शिष्यों ने उसे ताड़पत्रों पर उस समय की द्रविड़ भाषा (जो अब मलयालम है) में न लिख लिया होता।
इसके बाद लगभग 200 वर्षों तक गणित के ये सूत्र “श्रुति स्मृति” के आधार पर शिष्यों की पीढी से एक दुसरे को हस्तांतरित होते चले गए।
भारत में श्रुति स्मृति (गुरु के मुंह से सुनकर उसे स्मरण रखना) परंपरा बहुत प्राचीन है।
इसलिए सम्पूर्ण लेखन करने (रिकॉर्ड रखने अथवा दस्तावेजीकरण) में प्राचीन लोग विश्वास नहीं रखते थे।
जिसका नतीजा हमें आज भुगतना पड़ रहा है, कि हमारे प्राचीन ग्रंथों में संस्कृत भाषा के छिपे हुए कई रहस्य आज हमें पश्चिम का आविष्कार कह कर परोसे जा रहे हैं।
जॉर्जटाउन विवि के प्रोफ़ेसर होमर व्हाईट लिखते हैं कि संभवतः पंद्रहवीं सदी का गणित का यह ज्ञान धीरे धीरे इसलिए खो गया, क्योंकि कठिन गणितीय गणनाओं का अधिकाँश उपयोग खगोल विज्ञान एवं नक्षत्रों की गति इत्यादि के लिए होता था। सामान्य जनता के लिए यह अधिक उपयोगी नहीं था।
इसके अलावा जब भारत के उन ऋषियों ने दशमलव के बाद ग्यारह अंकों तक की गणना एकदम सटीक निकाल ली थी, तो गणितज्ञों के करने के लिए कुछ बचा नहीं थाम
ज्येष्ठदेव लिखित इस ज्ञान के “लगभग” लुप्तप्राय होने के सौ वर्षों के बाद पश्चिमी विद्वानों ने इसका अभ्यास 1700 से 1830 के बीच किया।
चार्ल्स व्हिश ने “युक्तिभाष्य” से सम्बंधित अपना एक पेपर “रॉयल एशियाटिक सोसायटी ऑफ़ ग्रेट ब्रिटेन एंड आयरलैंड” की पत्रिका में छपवाया।
चार्ल्स व्हिश ईस्ट इण्डिया कंपनी के मालाबार क्षेत्र में काम करते थे, जो आगे चलकर जज भी बने।
लेकिन साथ ही समय मिलने पर चार्ल्स व्हिश ने भारतीय ग्रंथों का वाचन और मनन जारी रखा।
व्हिश ने ही सबसे पहले यूरोप को सबूतों सहित “युक्तिभाष्य” के बारे में बताया था।
वरना इससे पहले यूरोप के विद्वान भारत की किसी भी उपलब्धि अथवा ज्ञान को नकारते रहते थे और भारत को साँपों, उल्लुओं और घने जंगलों वाला खतरनाक देश मानते थे।
ईस्ट इण्डिया कंपनी के एक और वरिष्ठ कर्मचारी जॉन वारेन ने एक जगह लिखा है कि “हिन्दुओं का ज्यामितीय और खगोलीय ज्ञान अदभुत था। यहाँ तक कि ठेठ ग्रामीण इलाकों के अनपढ़ व्यक्ति को मैंने कई कठिन गणनाएँ मुँहज़बानी करते देखा है”।
अखंड भारत सनातन संस्कृति
May be an image of 1 person
All reactions:
You, पंडित अनूप चौबे and 21 others

अहम का वयम हो गया ।

 जिंदगी की राह में मेरा

प्रिय से मिलन हो गया!
ऊषा की लालिमा छटी,
भोर आगमन हो गया !
जीवन का तमस घुल गया,
प्रभात से मिलन हो गया !!
दिव्यता अलौकिक छवि,
यों अंजुरी में पुष्प थे खिले।
यह देह तब धरा बन गई ,
विचार जब गगन हो गया ।।
शब्द सब हिमांशु हो गए,
गीत छंद कलरव हो गये।
जिजीविषा धन्य हो गई ,
मन जब मलंग हो गया।।
संघर्षपूर्ण मन्त्र सध गए ,
कर्म शंखनाद हो गया
सतत संघर्ष यज्ञवेदी पर ,
स्वार्थ का हवन हो गया।।
स्वयं का वहम मिट गया,
अहम का वयम हो गया ।
जीवन संग्राम में मेरा,
स्वयं से मिलन हो गया।।
जिंदगी की राह में मेरा
प्रिय से मिलन हो गया!
श्रीराम तिवारी

शुक्रवार, 18 अगस्त 2023

हिंदुओं के पतन का कारण

 हमारी पतन के कारणों में जातिवाद और मूर्ति पूजा मुख्य रही ।जहां एक और जातिवाद ने हिंदू समाज के अंगों को परस्पर मिलने नहीं दिया वहीं दूसरी तरफ जो भी लोग भय,लोभ या अत्याचार से मुस्लिम बन गए थे उन्हें शुद्ध करने से मना कर दिया, पानीपत की दूसरी लड़ाई में वीर हेमू का अकेले ही लड़ कर मरना जातिवाद के विष वृक्ष का ही फल था ।धर्म के ठेकेदारों की धर्म व राष्ट्र विरोधी नीति के कारण मुस्लिम बने लोगों ने हमारी मानसिक संकीर्णता के कारण हम पर कैसे कैसे अत्याचार किये उसे याद कर मन आक्रोश से भर जाता है ।

सिन्धु नदी के पार धुरी नामक हिंदुओं की जाति निवास करती थी परिस्थितिवश पूरी जाती मजबूर होकर मुसलमान बन गई किसी ने उसकी शुद्धि का विचार नहीं किया। कुछ काल बाद हिंदुओं की कट्टर विरोधी इस जाति में मोहम्मद गौरी पैदा हुआ जिसके कारण भारत में इस्लामिक गुलामी का सूत्रपात हुआ।
मोहम्मद गजनबी की चढ़ाई के समय हजारों हिंदुओं को गुलाम बनाकर ईरान ,तूरानऔर अरब स्थान ले जाया जाता था। उनमें से कुछ धोखा देकर पुनः पंजाब भाग आते थे। और फिर राजस्थान के हिंदू राजाओं की शरण में आने लगे इस बात से प्रसन्न थे कि अब फिर अपने कुटुंब वसमाज के साथ रहेंगे पर कोई भी जाति उन्हें हिंदू धर्म में मिलाने को तैयार नहीं हुई इसका कारण यह था कि कहीं उन्हें भी अछूता मान लिया जाए ।इस निर्दयी शुद्धि रक्षा का परिणाम था कि लाखों स्त्री पुरुषों को मुसलमानों द्वारा भ्रष्ट होने के भय से अग्नि ,नदी तालाबों में कूदकर मरना पड़ा।
वीर सावरकर ने 'भारतीय इतिहास के छः स्वर्णिम पृष्ठ' में लिखा है कि जेहाद का नारा देकर टीपू सुल्तान ने मालाबार पर हमला करके एक लाख स्त्री पुरुषों को जबरदस्ती मुसलमान बनाया इस के आतंक से डरकर धर्म रक्षा हेतु सैकड़ों हिंदुओं ने अपने बच्चों के साथ तुंगभद्रा नदी में कूदकर या धधकती आग में शरण ली।
मराठा सरदारों ने कर्नाटक जीतकर टीपू के धर्मोन्माद उतार दिया। जिस समय कर्नाटक को जीतकर मराठी सेना हर हर महादेव के नारे लगाती हुई वापस आ रही थी ,तो जबरदस्ती मुसलमान बनाई गई महिलाएं मुसलमानी जनानखानों की खिड़कियों पर आ खड़ी हुईं ताकि उस विजयी सेना में सम्मलित उनके भाई ,पिता आदि उन्हें पहचानने और उन्हें अपने साथ ले जाएं ।परंतु सब कुछ देख कर भी उनके मन में इस बात का विचार तक नहीं आया, यदि केवल विचार भी आता तो उन्हें सरलतापूर्वक मुक्त कराया जा सकता था।सेना चली जाने के बाद वे महिलाएं रोती रोती उन्हीं मुस्लिम घरों में चली गई ,और जीवन भर हिंदुओं के शत्रुओं की संख्या बढ़ाती रहीं।
अपनों के अत्याचारों से पीड़ित होकर कालाचंद्र ने मोहम्मद फार्मूली बनकर हिंदुओं पर जो जुल्म ढाए उन्हें याद कर ह्रदय काँप उठता है । कहते है उसने अपने पर आसक्त मुस्लिम राजा की बेटी से शादी कर ली तो ब्राह्मणों ने उसे पतित कहकर अपमानित किया। उसने जगन्नाथपुरी में भी शुद्धि के लिए प्रार्थना की पर बदले में तिरस्कार ही मिला ।प्रतिशोध की भावना से उसने मोहम्मद मामूली बनकर उड़ीसा पर आक्रमण कर दिया और हैवानियत की पराकाष्ठा कर दी ।काला पहाड़ पुस्तक पढ़ कर ह्रदय क्षोभ और आक्रोश से इस कद्र भर जाता है कि कई दिन तक मन परेशान रहता हैं ।
कश्मीर में हिंदू राजा बनने पर मुसलमानों द्वारा अपील की गई कि" हम कई वर्ष पठान और दूसरे मुसलमानी राज में पीसे गये। छल से हम मुसलमान बनाए गए हमें हिंदू धर्म में आना है।.... आप जो आज्ञा करेंगे वह प्रायश्चित कर हम हिंदू होंगे।" याचिका लेकर राजा ने काशी के पंडितों से इस संबंध में पूछा। पंडितों के मना करने पर भी राजा ने शुद्धि कार्य का प्रबंध किया . राजपुरोहितों ने राजा से कहा -----'यदि आप अधर्म करेंगे तो हम प्राण त्याग देंगे' यह कह कर उन्होंने झेलम में नाव छोड़ दी ।राजा को शुद्धि कार्य रोकना पड़ा और कश्मीर के नागरिक मुसलमान ही रहे ।
सदियों बाद महर्षि दयानंद सरस्वती ने शुद्धि के महत्व को समझ कर हिंदू धर्म में आने के बंद तालों को खोल शुद्धि आंदोलन चलाया। पंडित लेखराम इसी शुद्धि यज्ञ में आहुत हो गए ।बाद में स्वामी श्रद्धानंद जी ने आगे बढ़कर लगभग 800000 मुसलमानों को उनके घर ,(हिंदू धर्म) में प्रवेश कराया। महात्मा गांधी ने शुद्धि आंदोलन का विरोध किया जिससे क्रोधित हुए मुसलमानों ने स्वामी श्रद्धानंद को गोली मारकर हत्या कर दी ।यदि गांधी शुद्धि यज्ञ में रोड़ा ना अटकाते तो पाकिस्तान बनने की नौबत ही ना आती।
गलतियों पर करींगलतियाँ इस कदर ,
साथ अपनों का हमसे छूटता ही गया।
नफरतों ने दिलों पर सितम ढा दिये,
आइना प्यार का टूटता ही गया।।

नशा हमे उस व्यक्ति के भीतर के जानवर का दर्शन करा देता है

 "मनुष्य का असली चरित्र तब सामने आता है जब वो नशे में होता है !

फिर नशा चाहे धन का हो,पद का हो,रूप का हो या शराब का !!"
मनुष्य वह है, जो मनन कर सके (मन्यति इति मनुष्य:) । नशा व्यक्ति की मनन करने की क्षमता ही छीन लेता है इसलिए उस वक्त वह मनुष्य न रहकर केवल एक प्राणी मात्र रह जाता है।
इसलिए जो व्यक्ति नशे में है उसे मनुष्य नही आदमी, इंसान, प्राणी या केवल एक जानवर कहना अधिक उचित है।
रही बात चरित्र की तो चरित्र को व्यक्ति (पात्र) संभाल ही तब सकता है जब मन सम्भला हुआ हो नशे में यह सम्भव नही अतः जो आपको नशे में दिखता है वह केवल उसके अंदर का जानवर है।
हाँ नशा हमे उस व्यक्ति के भीतर के जानवर का दर्शन करा देता है यह बात बिल्कुल उचित है। यह हमारे लिए बहुत लाभदायक होता है । यदि हम जिस व्यक्ति के साथ हैं उसके भीतर के जानवर को पहचानते हैं तो हम उस जानवर से सतर्क रहने और उसे संभालने की कम से कम मानसिक तैयारी कर सकते हैं।

सलमान रश्दी पर कातिलाना हमला :


सर्वविदित है कि न्यूयार्क के एक सभागार में अंग्रेजी लेखक सलमान रश्दी के ऊपर उस वक़्त कातिलाना हमला हुआ, जब वह बोलने केलिए मंच पर आए. तीन दशक से भी अधिक से रश्दी अपने एक उपन्यास केलिए मुस्लिम कट्टरवादियों के निशाने पर हैं. राजीव गांधी के शासनकाल में जब उनके विवादित उपन्यास पर भारत में प्रतिबंध लगाया गया,तब मैंने अपना विरोध प्रदर्शित किया था. क्योंकि मेरी दृष्टि से किसी किताब को पढ़े बिना प्रतिबंधित करना एक जाहिलाना हरकत है.
भारत में राम -कृष्ण की पूजा भी हुई है और उनकी पर्याप्त आलोचना भी हुई है. वेदों की भी प्रतिष्ठा और प्रतिरोध साथ -साथ हुए हैं. हमारी दार्शनिक परंपरा में यदि आस्तिक पक्ष है तो नास्तिक पक्ष भी है. यह वैचारिक वैविध्य ही हमारी परंपरा की पहचान है ,उसका अभिराम पक्ष भी यही है. हम तो यही मानते हैं कि किसी को आलोचना से परेशानी होती है,तब इसका अर्थ है वह गलत रास्ते पर है.
1920 के दशक में भारत में ऐसी ही हरकत हुई थी. हालांकि वह अर्द्ध साहित्यिक प्रसंग था. सत्यार्थ -प्रकाश आर्यसमाज के संस्थापक स्वामी दयानन्द की चर्चित पुस्तक है. इसमें ब्राह्मण धर्म सहित सभी प्रचलित धर्मों यथा इस्लाम ,बौद्ध, इसाई आदि की आलोचना उन्नीसवीं सदी की शैली में की गई है. इससे क्षुब्ध एक कट्टर मुसलमान ने दयानन्द और कृष्ण की निंदा करते हुए 1923 में दो पुस्तिकाएं लिखी. इन दोनों पुस्तिकाओं के जवाब में एक आर्यसमाजी चमूपति ने एक किताब मुहम्मद की आलोचना में लिखी. चमूपति की किताब पर गांधी जी का निन्दा लेख प्रकाशित हुआ. इससे मामले ने इतना तूल पकड़ा कि पुस्तक के प्रकाशक राजपाल जी जब अपनी दुकान में बैठे हुए थे, तब एक कट्टर मुसलमान ने छूरा घोंपकर उनकी हत्या कर दी. यह घटना 6 अप्रैल 1929 की है . पंजाब के लाहौर की है, जो तब भारत का हिस्सा था.
अंग्रेजी राज था . कातिल पकड़ा गया . जानकारी की बात यह कि जिन्ना उस कातिल के वकील बने . हालांकि उसे फांसी की सजा हुई . हैरान करने वाला तथ्य यह कि मशहूर शायर अल्लामा इकबाल उस कातिल के जनाज़े में शामिल हुए. मैं स्वयं इकबाल की काव्य -प्रतिभा का कायल हूँ ;लेकिन उनके इस कृत्य की निन्दा भी करता हूँ. गांधी के हत्यारे नाथूराम का पक्ष लेने वालों की ही तरह जिन्ना और इकबाल भी थे. इनमें अंतर कहाँ है ?
कट्टरता चाहे जहाँ और जिस स्तर पर हो , हमें उससे परहेज करना ही होगा. दूसरों को समझना और सुनना आधुनिक और सभ्य समाज की पहली शर्त होती है. लेकिन कुछ लोग हैं कि दूसरों से तो सभ्यता की अपेक्षा करते हैं और अपनी बर्बरता भी कायम रखना चाहते हैं .क्योंकि इस बर्बरता के बूते उनका वर्चस्व बना रहता है. इस्लामी सोच के साथ परेशानी यह है कि वह समय के साथ बदलना नहीं चाहता. पूरी दुनिया से उन्हें लोकतान्त्रिक व्यवहार की दरकार होती है और अपनी जड़ें सातवीं सदी के अरबिया हालात में ही रखना चाहते हैं. ऐसी ही समझ कुछ कट्टर हिन्दुओं की भी है ; जो हिंदुत्व को इस्लामी कट्टरता से संवारना चाहते हैं. म्यांमार का एक बौद्ध भिक्षु बौद्ध धर्म को कट्टरता से संवारना चाहता है. दरअसल कट्टरता एक व्याधि है ,जो अनेक धर्मों , अनेक मुल्कों और अनेक वैचारिक पंथों में कायम है. कट्टर गांधीवादी, कट्टर मार्क्सवादी , कट्टर हिन्दू ,मुस्लिम या सिक्ख सबकी जमात एक ही है. कट्टर जातिवादी और यहाँ तक कि कट्टर देशभक्त भी उसी जमात के हैं. यही कारण था कि नोबेल पुरस्कार मिलने के तुरत बाद जब रवीन्द्रनाथ टैगोर ने दुनिया के अनेक देशों की यात्रा की तब उन्होंने हर जगह उस वक़्त उभरते राष्ट्रवाद की आलोचना की . इसी राष्ट्रवादी खयालातों के आधार पर प्रथम विश्वयुद्ध हुआ था. हमारे कवि ने हर जगह मानवतावाद को रेखांकित किया था.
हमारे देश में हमारे कई मित्र हिन्दू -मुस्लिम एकता की वकालत करते हैं. दरअसल यह दो सौ साल पुरानी अवधारणा है. आज तो हमें मानवीय एकता की कोशिश करनी है. मजहबी एकता फालतू किस्म की चीज है. अव्वल तो यह कि मजहब घरेलु दायरे से बाहर जानी ही नहीं चाहिए. हमें अधिक से अधिक वैज्ञानिक नजरिए के साथ होना होगा. सेकुलर होने का अर्थ अधिक से अधिक लौकिक अर्थात दुनियादार बनना है. मेलजोल की कोशिशें मजहब को एक किनारे रख कर होनी चाहिए. हमारी यह दुनिया पूरे अंतरिक्ष का एक बहुत छोटा हिस्सा है. यह ज़िंदगी मजहबों के हवाले नहीं, खूबसूरत ख्यालों के हवाले हो ताकि हम इस दुनिया और अपनी ज़िंदगी को खूबसूरत बना सकें . यही आज का सबसे बड़ा धर्म है. यदि कोई चीज हमें नफरत , हिंसा और वर्चस्व के नजदीक लाता है तो वह त्याज्य होना चाहिए. मुल्लों ,पादरियों, पंडितों और धर्मग्रंथों की गुलामी से इस दुनिया को आज़ाद करना आज का सबसे जरूरी टास्क होना चाहिए.
मैं व्यक्तिगत स्तर पर रश्दी के लेखन का बहुत कायल नहीं हूँ; लेकिन उनपर हुए कातिलाना हमले की भर्त्सना करता हूँ.

बुधवार, 16 अगस्त 2023

*सरकार फेलुअर है*!

 हर साल बरसात के दिनों में आत्मघाती निठल्ले फुरसतिये लोग तीर्थ यात्रा के नाम पर मौत की फिराक में निकल पड़ते हैं।वे सड़क दुर्घटनाओं में, पहाड़ खिसकने में, तीर्थ स्थलों के दर्शन हेतु उमड़ी भीड़ में, वाहन खाई में गिर जाने से बेमौत मर जाते हैं। हर साल न जाने कितने कावड़ियों की मौत हो जाती है।हर बार विपक्ष का आरोप सरकार पर होता है कि *सरकार फेलुअर है*!

यद्यपि हम इन सबकी मौत का जिम्मेदार इनको ही मानते हैं! तीर्थ यात्रा हो या कांवड़ यात्रा हो, इसमें आज तक धनिक वर्ग का न तो कोई तीर्थ यात्री मरा न ही कावड़िया। कावड़ यात्रा में कोई धनाड़य क्यों नहीं मरता? कोई बड़ा नेता क्यों नहीं मरा? यहां तक कि कोई शंकराचार्य अथवा मठाधीश कांवड़ यात्रा, जुलूस जलसों में जब जाता ही नही, तो मरेगा क्यों?
भारत में प्रायः देखा गया है कि धर्मांध लोगों को अपने शास्त्रीय धर्मसूत्रों या आप्तबचनों में कोई दिलचस्पी नही है। महापुरुषों के बताये मार्ग पर चलने के बजाय वे केवल सैर सपाटे, मनोरंजन के लिये अमरनाथ,वैष्णव देवी,चार धाम,52 शक्ति पीठ, द्वादश ज्योतिर्लिंग,हेम कुंड साहिब, तिरूपति बालाजी,शिर्डी या हज यात्रा पर निकल पड़ते हैं!
इन दिनों कांवड़ यात्रा कुछ ज्यादा ही हाईटैक हो गई है ! 'बम बम बोल' वाले नारों के साथ साथ अब इलेक्ट्रिानिक,डिजीटल साधनों और सोशल मीडिया पर यात्राओं के द्रश्य भी प्रचारित होने लगे हैं! जबकि इन चीजों का धर्म मजहब अथवा अध्यात्म से दूर दूर तक कोई संबंध नहीं है! श्रेष्ठ लोग सत्य अहिंसा,अस्तेय,ब्रह्मचर्य,अपरिग्रह शौच,संतोष ,स्वाध्याय तथा ईश्वर प्राणिधान द्वा इत्यादि के बारे में जानते हैं, इसीलिए वे सड़कों पर जाम लगाने,राजनैतिक भीड़ में समा जाने में यकीन नही रखते।वे बरसात में किसी सुरक्षित और पवित्र जगह पर चातुर्मास करते हैं। वे किसी पद यात्रा या जुलुस का हिस्सा नहीं बनते। इसके अलावा वे अन्याय,अत्याचार करने वालों से भी किसी किस्म का संबंध रखने के बजाय तार्किक और सार्थक सत्संग करने में विश्वास रखते हैं।
आम तौर पर अमीर-गरीब ,शरीफ-बदमाश सभी किस्म के धर्मांध हिन्दुओं मुस्लिमों को अपने पाखंडी 'बाबाओं' मुल्ले मौलवियों पर अटूट अंध श्रद्धा हुआ करती है। साम्प्रदायिक और जातीय आधार पर वोट जुगाड़ने वाले दलों को अंधश्रद्धा के नशे में डूबी नस्ल-'केवल चुनाव जिताऊ भीड़' मात्र हैं !इसीलिए पादरियों,बाबाओं-कठमुल्लों के पाखंड- व्यभिचार पर वे चुप्पी साधे रहते हैं। इस तरह की मानसिकता सिर्फ-हिंदुओं में ही नहीं, बल्कि अल्पसंख्यक कौमौ में भी पाई जाती है। इसी मानसिकता ने *धर्मनिरपेक्ष विपक्ष* को शून्य पर ला खड़ा किया है। और पूंजीवादी कंजरवेटिव वर्ग को सत्ता में बिठाकर खुल्लम खुल्ला खेलने का मौका दिया है!श्रीराम तिवारी
See insights
Boost a post
All reactions:
Umesh Jain, Sangeeta Choubey and 20 others

भाग्य का विधान बन गया, और भारत धन्य हो गया!

 क्षण-क्षण आत्म गौरव के ,

दिव्यता से राष्ट्र को मिले !
हरी-भरी धरा खिल उठी,
और जन गण मन हो गया।।
आज मुक्ति संग्राम का लहू ,
जैसे फिर से जवां हो गया!
संघर्ष द्वन्द ग्रन्थ के सभी,
कई बार इस मुल्क ने पढ़े!!
भाग्य का विधान बन गया,
और भारत धन्य हो गया!
पड़ोसी शत्रू की कुचालों से,
मुल्क बार बार घायल हुआ ! !
धर्म जाति मजहब का,
मर्ज लाइलाज हो गया!
पूंजीवादी प्रचार तंत्र भी,
मुल्कका अभिशाप बन गया !!
जाति पाँति मजहब के
चुनाव में चलन बढ़ गये!
शनै: शनै: लोकतंत्र के,
स्तंभ चारों रुग्ण हो गये !!
बाजारवादी नीतियों से,
राष्ट्र हित नीलाम हो गया!
जैसे शहीदों के सपनों का
कत्ल खुले आम हो गया!!
सिद्धांतों के व्योम में हम ,
सदा प्रश्न बनकर घूमते रहे!
सभी क्रान्तियां अधूरी रहीं ,
संघर्ष सारा कुंद हो गया!!
बढ़ती आबादी- मंहगाई से,
यह मुल्क परेशान हो गया!
सिस्टम भृष्टाचार रिश्वत का,
व्यभिचार आम हो गया!
आज शहीदों के सपनों का ,
वेदना से मिलन हो गया!!
श्रीराम तिवारी-:
See insights
Boost a post
All reactions:
You and Umesh Jain